home page

तमंचे और कारतूस के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार

 | 
तमंचे और कारतूस के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार


कानपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। कल्याणपुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को एक शातिर अपराधी को जवाहरपुरम क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपित पर पहले से हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत करीब दस आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित लंबे समय से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था और उसकी तलाश की जा रही थी। हाल ही में पैसों के लेनदेन के विवाद में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। गंभीर रूप से घायल युवक को मृत समझकर सड़क किनारे छोड़कर सभी फरार हो गए थे। राहगीरों की सूचना पर घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।

घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की। शनिवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। साथ ही उसके खिलाफ दर्ज सभी मामलों की समीक्षा कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपित को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की गई।

थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ कल्याणपुर थाने में करीब दस मुकदमे दर्ज हैं। मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार किया गया है। उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप