home page

हंसपुर हत्याकांड मामला : गवाही प्रभावित करने की कोशिश, पीड़ित पक्ष ने लगाए धमकी और लालच देने के आरोप

 | 
हंसपुर हत्याकांड मामला : गवाही प्रभावित करने की कोशिश, पीड़ित पक्ष ने लगाए धमकी और लालच देने के आरोप


बलरामपुर, 26 मई (हि.स.)। बलरामपुर जिले के चर्चित हंसपुर हत्याकांड में अब गवाहों को प्रभावित करने के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और घायल पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि अदालत में पक्ष बदलने और बयान बदलवाने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। शिकायत में रुपये का लालच देने और डराने-धमकाने जैसी बातों का भी उल्लेख किया गया है। मामले के सामने आने के बाद इलाके में एक बार फिर हड़कंप मच गया है।

कोरंधा थाना क्षेत्र के ग्राम हंसपुर निवासी अजीत राम उरांव और आकाश कुमार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में कहा गया है कि 15 फरवरी 2026 की रात वे मृतक रामनरेश के साथ खेत से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें रोककर मारपीट की गई। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि तत्कालीन कुसमी एसडीएम करुण डहरिया सहित अन्य लोगों ने अवैध उत्खनन का आरोप लगाते हुए लाठी, लोहे की रॉड और अन्य वस्तुओं से हमला किया था। इस घटना में रामनरेश गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मामले में थाना कोरंधा में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच की थी। विवेचना पूरी होने के बाद हत्या, हत्या के प्रयास, साक्ष्य छिपाने और एससी-एसटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में अदालत में चालान पेश किया जा चुका है। वर्तमान में यह मामला विशेष न्यायालय रामानुजगंज में विचाराधीन है और आरोप तय होने की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।

अब पीड़ित पक्ष ने दावा किया है कि गवाही को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। शिकायत के अनुसार कुछ दिन पहले आकाश कुमार जब बस से कुसमी जा रहा था, तब रास्ते में दो लोगों ने उससे संपर्क किया। आरोप है कि उससे कहा गया कि यदि वह अदालत में अपना बयान बदल दे तो उसे रुपये दिए जाएंगे।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि प्रस्ताव ठुकराने के बाद संबंधित लोग उसके घर तक पहुंच गए और परिवार के लोगों से भी बयान बदलने की बात कही गई। साथ ही कथित तौर पर यह चेतावनी भी दी गई कि यदि बात नहीं मानी गई तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

मामले में गवाहों पर दबाव बनाने के आरोप सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। क्षेत्र में इस बात को लेकर चर्चा तेज है कि कहीं न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश तो नहीं की जा रही। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपित लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, जिले के एसपी वैभव बेंकर ने आज हिन्दुस्थान समाचार काे बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय