home page

पेड़ से लटके मिले प्रेमी युग़ल के शव,पुलिस जांच में जुटी

 | 
पेड़ से लटके मिले प्रेमी युग़ल के शव,पुलिस जांच में जुटी


रायबरेली, 22फ़रवरी(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में रविवार सुबह एक पेड़ से प्रेमी युगल के शव लटके मिले हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच कर रही है।

ज़िले के मिल एरिया थाना क्षेत्र के राघनपुर मोड़ के पास पेड़ से युवक-युवती के शव लटक रहे थे,जिसे कुछ ग्रामीणों ने देखा। देखते ही देखते यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को फंदे से उतरवाया।

मृतकों की पहचान मिल एरिया थाना क्षेत्र के दोहरी गांव निवासी शिव बहादुर यादव(26) पुत्र गंगा प्रसाद यादव और खदरी गांव के रहने वाले रामसमुझ की 25 वर्षीय महिमा के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है। पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया यह प्रेम प्रसंग में युगल द्वारा आत्महत्या किए जाने का बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा ने बताया कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे