आत्महत्या के लिए युवक को उकसाने के मामले में युवती गिरफ्तार
हमीरपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र की एक युवती को हरियाणा पुलिस ने आत्महत्या के लिए युवक को उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। युवती का नाम हरियाणा के रेवाड़ी जिले के सदर थाना क्षेत्र में आत्महत्या करने वाले एक युवक के सुसाइड नोट में दर्ज था। कार्रवाई के बाद हरियाणा पुलिस गुरुवार को उसे अपने साथ रेवाड़ी ले गई।
पुलिस के अनुसार, सुमेरपुर क्षेत्र के पारा रैपुरा गांव निवासी जियालाल प्रजापति की बेटी संगीता प्रजापति का रेवाड़ी शहर निवासी युवक से कथित प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। कुछ दिन पहले युवक ने अपने घर पर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस के मुताबिक, आत्महत्या से पहले लिखे गए सुसाइड नोट में युवक ने संगीता पर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था।
युवक के परिजनों की तहरीर पर रेवाड़ी के सदर थाने में संगीता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में गुरुवार को हरियाणा पुलिस सुमेरपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस को साथ लेकर पारा रैपुरा गांव में कार्रवाई की। पुलिस ने संगीता को हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया और उसे रेवाड़ी ले गई।
सुमेरपुर थानाध्यक्ष पवन पटेल ने बताया कि हरियाणा पुलिस युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है। मामले में आगे की कार्रवाई हरियाणा पुलिस द्वारा की जा रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

