हमीरपुर: दहेज़ उत्पीड़न में पति सहित पांच नामजद
हमीरपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सुमेरपुर थाना क्षेत्र में मूकबधिर नवविवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित और मारपीट कर लहूलुहान करने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां ने मंगलवार को ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
सुमेरपुर कस्बे के वार्ड संख्या 15 संत कबीर नगर निवासी महिला सरोज सोनकर ने आरोप लगाया कि उसने अपने मूकबधिर पुत्री दीपांजलि उर्फ पारुल का विवाह कस्बे के धर्मेश्वर बाबा मुहाल निवासी राहुल के साथ 20 अप्रैल 2025 को किया था। शादी के बाद से ही पति, सास, ससुर, नंद, देवर दहेज से संतुष्ट नहीं थे और उसकी मूकबधिर पुत्री को प्रताड़ित करते थे। पीड़िता की मां का आरोप है कि ससुरालीजन दहेज में एक लाख नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे हैं। दामाद और उसके परिवारीजनों ने मेरी पुत्री को मुंह में कपड़ा ठूंसकर बेरहमी के साथ पीटा है। जिससे उसे गंभीर चोट आईं हैं। वह उसे घायलावस्था में ससुराल से घर लेकर आई हैं।
थानाध्यक्ष पवन पटेल ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर पति राहुल, ससुर सुरेंद्र, सास मुन्नी, देवर रोबिन, नंद दिव्या के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

