सरस्वती विद्यामंदिर इंटर कॉलेज के छात्र के अपहरण व मारपीट में पांच नामजद
हमीरपुर 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सदर कोतवाली पुलिस ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के कक्षा 11 के छात्र के अपहरण और मारपीट के मामले में गुरुवार को पांच नामजद आरोपिताें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार घटना सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित सरस्वती विद्यामंदिर इंटर कॉलेज के बाहर हुई थी। ललपुरा थानाक्षेत्र के उजनेड़ी गांव निवासी कक्षा 11 का छात्र दीपांशु स्कूल से बाहर निकल रहा था। आरोप है कि तभी सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार पांच युवक उसे जबरन वाहन में बैठा कर कल्पवृक्ष क्षेत्र के पास सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित की मां ललिता देवी ने गुरुवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शाम तक बेटा घर नहीं पहुंचा तो उन्होंने स्कूल के शिक्षकों से संपर्क किया। इसी दौरान दीपांशु के साथियों ने फोन कर जानकारी दी कि कुछ युवक उसे जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गए हैं और उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। तहरीर के आधार पर सदर कोतवाली पुलिस ने अभय प्रताप, विकास वर्मा, कुशाग्र साहू, आकाश निषाद और वैभव तिवारी के खिलाफ अपहरण व मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। कोतवाल रामआसरे सरोज ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। आरोपितों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

