हमीरपुर में ब्लाईंड मर्डर की गुत्थी सुलझी
--कानपुर निवासी महिला की गला दबाकर ट्रक चालक ने की थी हत्या
हमीरपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर क्षेत्र में हाईवे किनारे पांच दिन पूर्व अज्ञात महिला के मिले शव का पुलिस ने शनिवार को एसओजी, सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयास से पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक मृग्रांग शेखर पाठक ने बताया कि मृतका कानपुर की रहने वाली थी। जो कानपुर निवासी एक ट्रक चालक के साथ आई थी। चालक ने वाद विवाद के बाद नशे की हालत में उसकी गला दबाकर हत्या करने के बाद शव फेंका था।
पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को बताया कि 21 अप्रैल को थाना सुमेरपुर क्षेत्र में एनएच-34 किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने पर पुलिस ने फील्ड यूनिट टीम के साथ आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की थी। अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रयास किए। शव को मोर्चरी हाउस में रखवाया गया। बताया कि इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक साक्ष्यों में ट्रक संदिग्ध मिला। इस पर वाहन स्वामी से वार्ता की तो चालक की पहचान महेन्द्र कुमार पाल पुत्र रामसेवक निवासी भीतरगांव थाना साढ़, कमिश्नरेट कानपुर नगर (दक्षिण) के रूप में की गई। बताया कि आरोपित के फोटो की शिनाख्त ढाबा स्वामी के जरिए की गई। पुलिस ने शनिवार सुबह आरोपित महेन्द्र कुमार पाल को सुमेरपुर थानाक्षेत्र के इटरा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद 23 अप्रैल को मृतका के पति शिवमंगल निवासी विनगवा सेन पश्चिम पारा दक्षिणी कानपुर नगर की तहरीर पर थाना सुमेरपुर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह मृतका पूजा (28) को पहले से जानता था। 21 अप्रैल को वह रूमा कानपुर नगर से ट्रक पर माल लादकर जबलपुर के लिए निकला था। रास्ते में पूजा को ट्रक में बैठाकर ले जा रहा था। रास्ते में खाना खाने के लिए शिवानी ढाबा सुमेरपुर पर रुके। जहां भोजन के दौरान दोनों में वाद-विवाद हुआ। उसने शराब के नशे में मृतका के गले में पड़े दुपट्टे को कस दिया। आरोपी ने बताया पूजा को मृत समझकर गाड़ी से नीचे फेंक दिया और वाहन लेकर चला गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रक को कब्जे में लिया है।
थाना सुमेरपुर प्रभारी निरीक्षक योगेश तिवारी, एसओजी/ सर्विलांस भारी सचिन शर्मा, उप निरीक्षक दुर्गेश कुमार राय, कांस्टेबिल राहुल कुमार, दिलीप कुमार, अमित कुमार, अतुल कुमार, सुरेन्द्र मिश्रा, सर्विलांस से रवि पटेल व कृष्ण कुमार गुप्ता रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

