home page

गोलीकांड का आरोपित तमंचा-कारतूस के साथ गिरफ्तार

 | 
गोलीकांड का आरोपित तमंचा-कारतूस के साथ गिरफ्तार


हमीरपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र के हिमौली गांव में दलित परिवार के साथ गाली गलौज और अभद्रता करने के बाद एक बुजुर्ग को गोली मारने के मामले में पुलिस ने मंंगलवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

सीओ राजकुमार पांंडेय ने बताया कि बिवांर थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हिमौली गांव निवासी प्रेमनारायण ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अब्बास अहमद और भोलू ने उसके परिवार के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इस दौरान अब्बास अहमद ने जान से मारने की नीयत से उसके पिता सुंदरलाल को तमंचे से गोली मार दी। घायल बुजुर्ग का इलाज कानपुर में अभी भी चल रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

सीओ ने बताया कि मंगलवार को बिवांर पुलिस ने आरोपित अब्बास अहमद उर्फ चिरउआ निवासी हिमौली को पारा जाने वाले मोड़ पर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपित पर पहले से चोरी, मारपीट और धमकी समेत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा