home page

कोरबा : ओवरब्रिज के नीचे सो रहे हमाल की लाठी से पीट-पीटकर हत्या, आरोपित फरार

 | 
कोरबा : ओवरब्रिज के नीचे सो रहे हमाल की लाठी से पीट-पीटकर हत्या, आरोपित फरार


कोरबा, 29 जून (हि.स.)। शहर के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे आज सोमवार दोपहर एक हमाल की लाठी से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दिए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेश महाराज के रूप में हुई है, जो हमाली का कार्य करता था और ओवरब्रिज के नीचे ही अन्य लोगों के साथ खानाबदोश जीवन व्यतीत करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार सुबह राजेश का उसके साथ रहने वाले एक अन्य हमाल से किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत करा दिया था।

दोपहर में राजेश चबूतरे पर सो रहा था। इसी दौरान आरोपित वहां पहुंचा और लाठी से उसके सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी एमबी पटेल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस हत्या के आरोपित की तलाश में जुटी हुई है। मामले की विवेचना जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी