home page

डूंगरपुर बस स्टैंड सहित जिले भर में हुई आधा दर्जन लूट की वारदातों का खुलासा

 | 
डूंगरपुर बस स्टैंड सहित जिले भर में हुई आधा दर्जन लूट की वारदातों का खुलासा


डूंगरपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में राहगीरों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का वरदा थाना पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदातों में प्रयुक्त ईको कार, चाकू, करीब दो लाख रुपए कीमत के तीन मोबाइल फोन और 58 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। गिरोह बस स्टैंड के बाहर वाहन का इंतजार कर रहे लोगों को ईको कार में बैठाकर सुनसान जगह ले जाता और चाकू की नोक पर लूटपाट करता था। गिरोह ने जिले में करीब आधा दर्जन लूट की वारदातों को अंजाम दिया था।

वरदा थानाधिकारी ने बताया कि सागवाड़ा क्षेत्र की पुनर्वास कॉलोनी निवासी यमन दवे ने 2 सितंबर 2026 को रिपोर्ट दी थी कि वह रात करीब 11:30 बजे अपने दोस्त पंकज के साथ डूंगरपुर बस स्टैंड के बाहर वाहन का इंतजार कर रहा था। इस दौरान ईको कार में सवार तीन बदमाश उसे जबरन कार में बैठाकर डोजा मोड़ के अंदर सुनसान जगह ले गए। वहां मारपीट कर चाकू की नोक पर मोबाइल और पर्स लूटकर फरार हो गए।

इसी तरह, ओबरी थानान्तर्गत राजपुर निवासी दिनेश रोत ने 3 अक्टूबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि शाम करीब सात बजे बस स्टैंड के बाहर वाहन का इंतजार करते समय तीन बदमाश उसे ईको कार में बैठाकर हिराता गोल आंबा के पास सुनसान जगह ले गए। आरोपितों ने मारपीट कर चाकू की नोक पर मोबाइल, एटीएम कार्ड और 34 हजार रुपए नकद लूट लिए। इसके बाद एटीएम कार्ड का पिन पूछकर अलग-अलग समय में खाते से 43 हजार रुपए भी निकाल लिए।

दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खींवसिंह और सागवाड़ा वृत्ताधिकारी हेरम्ब जोशी के निकट सुपरविजन में वरदा थानाधिकारी देवेंद्रसिंह राव के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ईको कार की पहचान कर आरोपितों तक पहुंचने के लिए तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ईको कार, चाकू, तीन मोबाइल फोन और 58 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी लूट की वारदातों में शामिल रहा है। इन घटनाओं का भी खुलासा किया गया है।

थानाधिकारी ने बताया कि आरोपित मौज-शौक और शराब पार्टी के लिए लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपितों में अरविंद कुमार कनिपा निवासी निचली वागदरी थाना सदर, ललित उर्फ लालचंद उर्फ लाला कलासुआ निवासी भलुण थाना कल्याणपुर जिला उदयपुर, सुभाष उर्फ बादशाह परमार निवासी चोराई थाना कल्याणपुर जिला उदयपुर, सतीश कटारा निवासी मनपुर थाना सदर और आशीष परमार निवासी ढेलाणा थाना कल्याणपुर जिला उदयपुर शामिल हैं। पुलिस आरोपितों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों और उनके नेटवर्क के संबंध में जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष