home page

कोलर में अधजली लाश मामले में अम्बाला का व्यक्ति गिरफ्तार

 | 

नाहन, 14 मई (हि.स.)। जिला सिरमौर के धौलाकुआं क्षेत्र के कोलर पंचायत के जंगल में युवती का जला हुआ शव मिलने के सनसनीखेज मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या हरियाणा के अंबाला में की गई थी, जिसके बाद शव को हिमाचल लाकर जंगल में आग के हवाले कर दिया गया। मामले में बराडा निवासी नवीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार धौलाकुआं क्षेत्र में नेशनल हाईवे से करीब 100 मीटर दूर जंगल में युवती का जला हुआ शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबाला की बराडा पुलिस और माजरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी नवीन निवासी बराडा जिला अंबाला को बातापुल के समीप से गिरफ्तार किया।

प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अंबाला स्थित अपने घर में युवती की हत्या की थी। इसके बाद शव को बैग में डालकर हिमाचल लाया गया और जंगल में जलाने का प्रयास किया गया। जांच के दौरान आरोपी और एक अन्य व्यक्ति शव को रेहड़ी पर ले जाते हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए थे। बराडा पुलिस ने पहले ही इस संबंध में केस दर्ज कर लिया था और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

युवती का जलता हुआ शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर