home page

कोलर में युवती की अधजली लाश मिलने से सनसनी, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

 | 

नाहन, 13 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले के धौलाकुआं और कोलर क्षेत्र के बीच स्थित करौंदे वाली घाटी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती की अधजली लाश बरामद हुई। इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या कर साक्ष्य मिटाने का प्रतीत हो रहा है, जिसमें आरोपियों ने युवती की पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को जलाने का प्रयास किया है।

जानकारी के अनुसार करौंदे वाली घाटी के सूनसान इलाके में स्थानीय लोगों ने एक अधजला शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही माजरा पुलिस की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। शव काफी हद तक जल चुका है, जिससे मृतका की शिनाख्त करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।

एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा ने मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से इस घटना की जांच कर रही है। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों को तैनात किया गया है और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं और जल्द ही इस गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा। पुलिस आसपास के थानों और पड़ोसी राज्यों से लापता युवतियों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी जांच तेज कर दी है और स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि उन्होंने इस क्षेत्र में किसी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति को देखा हो, तो तुरंत जानकारी साझा करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर