हाईवे पर दिनदहाड़े सेना के जवान की गोली मारकर हत्या
हाथरस, 05 फ़रवरी (हि.स.)। नेशनल हाईवे पर मुन्नी देवी कोल्ड स्टोरेज के निकट गुरुवार काे दिनदहाड़े सेना के एक जवान पर ताबड़ताेड़ फायरिंग कर माैत के घाट उतार दिया। आगरा में तैनात जवान हाथरस कोर्ट में पेश हाेने के बाद घर वापस जा रहा था। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
सादाबाद के गांव समदपुर में रिटायर्ड सैनिक देवेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके बेटे अखिलेश आगरा कैंट में इंडियन आर्मी की इंजीनियरिंग विंग में तैनात थे जबकि उनका दामाद भी सेना में है। पिता देवेंद्र इस समय जम्मू-कश्मीर में दामाद के पास गए हुए हैं। अखिलेश पर हत्या के प्रयास का मामला चल रहा था। इसी मामले की गुरुवार को कोर्ट में पेशी थी। कोर्ट में पेशी के बाद दोपहर 2 बजे वह आगरा लौट रहे थे। वह घर से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर ही पहुंचे थे, तभी एक कार ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। जैसे ही अखिलेश ने कार रोकी, हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही अखिलेश जमीन पर गिर गए। इसके बाद चार-पांच बदमाशों ने उसके घेरकर सिर और सीने में 5-6 गोलियां मारीं। मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। तब तक हमलावर भाग गए थे। दिनदहाड़े हाईवे पर फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सादाबाद कोतवाली पुलिस के साथ-साथ अपर पुलिस अधीक्षक रामनाथ कुशवाह, सीओ अमित पाठक मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। जवान के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है। मृतक जवान के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि नेशनल हाईवे-502 पर एक युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभी हत्या की वजह पता नहीं चल पाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

