home page

यमुनानगर : 119 चोरी के मामलों वाला कुख्यात आरोपी गिरफ्तार, 84 बार सजा काट चुका शातिर फिर सक्रिय

 | 
यमुनानगर : 119 चोरी के मामलों वाला कुख्यात आरोपी गिरफ्तार, 84 बार सजा काट चुका शातिर फिर सक्रिय


यमुनानगर, 21 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने चोरी की वारदातों में लंबे समय से सक्रिय एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ अब तक 119 चोरी के मामले दर्ज हैं, जिनमें से 84 मामलों में उसे सजा भी हो चुकी है।

टीम प्रभारी रमन चंदेल ने मंगलवार काे बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के दौरान उसने करीब एक दर्जन नई वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की है, जिनका खुलासा जल्द किया जाएगा। जांच में सामने आया कि 26 दिसंबर को आरोपी ने महावीर कॉलोनी स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए रात के समय ताले तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली थी। इस घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी उसने दो दिन पहले गुरु अर्जुन नगर क्षेत्र से चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी सुनसान पड़े मकानों की पहले रेकी करता था और फिर मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देता था। चोरी किए गए जेवरात और नकदी को वह कम कीमत पर बेच देता था।

रमन चंदेल ने बताया कि आरोपी नवंबर 2025 में जगाधरी जेल से जमानत पर बाहर आया था और बाहर आते ही उसने दोबारा आपराधिक गतिविधियां शुरू कर दीं। उसके खिलाफ हरियाणा के अलावा उत्तराखंड के हरिद्वार में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 में वह नाम बदलकर राजेश के रूप में हरिद्वार जेल में बंद रहा था। जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी ने जेल के भीतर भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। जगाधरी जेल परिसर में स्थित पीर की मजार पर रखी दानपेटी से नकदी चोरी करने के मामले में भी उसके खिलाफ केस दर्ज है। पुलिस का कहना है कि रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से और खुलासों तथा चोरी के सामान की बरामदगी की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार