home page

आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बदमाश विनेश तुरकाने जिला बदर

 | 
आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बदमाश विनेश तुरकाने जिला बदर


रायपुर, 29 सितंबर (हि. स.)। कमिश्नरेट पुलिस ने लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बदमाश विनेश तुरकाने के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की है।

पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला ने आदेश जारी करते हुए उसे दो माह के लिए रायपुर समेत छह जिलों की राजस्व सीमाओं से निष्कासित किया है।

पुलिस के अनुसार, विनेश तुरकाने (31), निवासी मिराज पेट्रोल पंप के पास खालबाड़ा, थाना गुढ़ियारी, रायपुर, के खिलाफ वर्ष 2016 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के मामले सामने आए हैं। वह थाना गुढ़ियारी क्षेत्र का गुण्डा-बदमाश बताया गया है। उसके खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, जुआ एक्ट और सट्टा सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपित के खिलाफ पूर्व में कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई, लेकिन उसके आपराधिक आचरण में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस उपायुक्त उत्तर क्षेत्र द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की गई।

आपराधिक रिकॉर्ड, उपलब्ध साक्ष्यों और पुलिस प्रतिवेदन का परीक्षण करने के बाद पुलिस कमिश्नर ने जिला बदर का आदेश जारी किया।

आदेश के तहत विनेश तुरकाने को रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों की राजस्व सीमाओं से दो माह की अवधि के लिए निष्कासित किया गया है। पुलिस ने बताया कि, शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से असामाजिक एवं आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर