home page

युवक पर चाकू से हमला करने वाला आदतन बदमाश गिरफ्तार

 | 
युवक पर चाकू से हमला करने वाला आदतन बदमाश गिरफ्तार


जगदलपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले के थाना काेतवाली क्षेत्र में मोबाइल चार्जर और माइक वापस मांगने पर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला आदतन बदमाश देव कुड़ियम उर्फ कोदू को कोतवाली पुलिस ने आज गुरूवार काे गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपित ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद युवक के पेट में चाकू मारकर उसे घायल कर दिया था। काेतवाली पुलिस ने कार्रवाई उपरांत आरोपित देव कुड़ियम उर्फ कोदू को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल दाखिज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, वारदात 13 जुलाई की है। महारानी वार्ड निवासी पीड़ित युवक अपने मोबाइल चार्जर और माइक को वापस लेने आरोपी देव कुड़ियम उर्फ कोदू के पास गया था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि देव कुड़ियम ने पहले पीड़ित के साथ गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे धारदार चाकू से उसके पेट के बाएं हिस्से पर वार कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार जारी है। वारदात की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर आज आरोपित देव कुड़ियम को गिरफ्तार कर लिया गया । पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित आदतन बदमाश है और उसके खिलाफ पूर्व में गृह अतिचार, घर में आग लगाने और चोरी जैसे मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे