कोरबा में ऑनलाइन सट्टा खेलते आदतन सटोरिया गिरफ्तार, लाखों के यूपीआई लेन-देन का खुलासा
कोरबा, 28 नवंबर (हि. स.)।कोरबा जिले में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खेलते एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान मोहम्मद इसाक कुरैशी उर्फ निक्की (43 वर्ष) निवासी पुरानी रानी रोड, वार्ड क्रमांक 06, कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मोबाइल, सट्टा-पट्टी और नगद रकम जब्त की है। वहीं, उसके फोन-पे नंबर से लाखों रुपये के ऑनलाइन यूपीआई लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को कोतवाली पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे मोहम्मद इसाक कुरैशी मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेल रहा है और दूसरों को भी खिला रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों और स्टाफ के साथ मौके पर दबिश दी, जहां आरोपी को सट्टा खेलते हुए पकड़ा गया।
आरोपित के मोबाइल की जांच करने पर श्रीदेवी, टाइम बाजार, मिलन डे और कल्याण नामक ऑनलाइन साइटों से संबंधित जानकारी तथा विभिन्न अंकों की सट्टा-पट्टी के फोटो मिले। पुलिस ने सट्टा खेलने के लिए रखी गई नगद रकम और अन्य सामग्री भी जब्त की। मोबाइल में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपित के ऑनलाइन सट्टा कारोबार में संलिप्त होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 968/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6(क) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सट्टा-जुआ जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें। आसपास इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना-चौकी या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

