home page

मैहर: हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, 15 से अधिक लोग घायल

 | 
मैहर: हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, 15 से अधिक लोग घायल


मैहर, 08 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार शिवराज ट्रांसपोर्ट की बस मैहर से कटनी की ओर जा रही थी। इसी दौरान खेरवा सानी टोल प्लाजा से करीब 300 मीटर पहले चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस हाईवे किनारे पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा अचानक हुआ, जिसके चलते यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही अमदरा थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस एवं स्थानीय लोगों ने राहत कार्य चलाकर घायलों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमदरा पहुंचाया, जहां सभी का उपचार जारी है।

थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी ने बताया कि हादसे में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है तथा सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे के पीछे तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।

वहीं दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस द्वारा बस को सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य कराया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी