home page

जिम संचालक बना चरस तस्कर, 15 करोड़ की चरस के साथ दो गिरफ्तार

 | 
जिम संचालक बना चरस तस्कर, 15 करोड़ की चरस के साथ दो गिरफ्तार


कानपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। फजलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने चेकिंग के दौरान कार सवार दो तस्करों को गिरफ्तार कर 15.320 किलो चरस बरामद की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 15 करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपितों में एक जिम संचालक है, जो नेपाल से चरस लाकर आसपास के जिलों के साथ मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में सप्लाई करता था।

पुलिस उपायुक्त मध्य अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार देर रात फजलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दादानगर ढाल के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की आल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से एक बैग में 15.320 किलो चरस बरामद हुई। पुलिस ने कार सवार यशोदा नगर निवासी आसमित गौतम और काजीखेड़ा, लालबंगला निवासी आयुष तिवारी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों के अंतरराज्यीय स्तर पर चरस की सप्लाई करने की जानकारी सामने आई है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक आसमित गौतम जिम संचालित करता है और आयुष तिवारी भी उसके साथ इवेंट मैनेजमेंट का काम करता है। दोनों नेपाल से कम कीमत में चरस खरीदकर कानपुर के आसपास के जिलों के अलावा मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ जिलों में ऊंचे दाम पर इसकी सप्लाई करते थे।

पूछताछ में आसमित ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की शादी में काफी कर्ज हो गया था। इसके अलावा जिम और मकान पर भी करीब डेढ़ करोड़ रुपये का ऋण था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए वह चरस की तस्करी में शामिल हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपित अवैध कारोबार से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल महंगे शौक पूरे करने में भी करते थे।

जांच के दौरान आसमित के भाई नवीत गौतम का भी चरस तस्करी से जुड़ाव सामने आया। पुलिस के मुताबिक इस साल फरवरी महीने में राजस्थान के सिरोही जिले में नवीत को 20 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया गया था। वह वर्तमान में सिरोही जिला कारागार में बंद है। उसके जेल जाने के बाद आसमित ने चरस की सप्लाई का काम संभाल लिया था।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 15.320 किलो चरस के अलावा सफेद रंग की आल्टो कार, दो मोबाइल फोन और 1100 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपये है।

आसमित गौतम के खिलाफ फजलगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ के आधार पर नेपाल से जुड़े अंतरराज्यीय चरस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप