home page

ग्वालियर: चरित्र शंका में पत्नी की हत्या, पति ने गला घोंटकर ली जान, वारदात के बाद फरार

 | 
ग्वालियर: चरित्र शंका में पत्नी की हत्या, पति ने गला घोंटकर ली जान, वारदात के बाद फरार


ई-रिक्शा चलाकर बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी आरती, हत्या से पहले जताई थी जान का खतरा

ग्वालियर, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के हजीरा थाना क्षेत्र के आरा मील इलाके में बुधवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की कथित तौर पर उसके पति ने गला घोंटकर हत्या की और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान 33 वर्षीय आरती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरती पिछले कुछ समय से पति धर्मेंद्र दोहरे से विवाद के चलते अलग रह रही थी। वह आरा मील क्षेत्र में किराए के कमरे में अपने दो बेटों और देवर संजू के साथ रह रही थी। पति से अलग होने के बाद वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थी।

हत्या से पहले जताई थी आशंकाजांच में सामने आया है कि पति धर्मेंद्र को पत्नी के चरित्र को लेकर शक था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरती के देवर के साथ रहने को लेकर भी पति आपत्ति जताता था। बताया जा रहा है कि घटना से करीब दो घंटे पहले आरती ने ई-रिक्शा मालिक उषा तोमर से अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। इसके कुछ समय बाद ही उसकी हत्या की घटना सामने आई।

कमरे में मिला महिला का शवघटना का खुलासा तब हुआ जब दोपहर करीब 1 बजे के बाद ई-रिक्शा मालिक उषा तोमर आरती के कमरे पर पहुंचीं। उन्होंने देखा कि कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी। अंदर जाकर देखने पर आरती मृत अवस्था में मिली। उसके गले पर चोट के निशान पाए गए। सूचना मिलने पर हजीरा थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पहले भी मारपीट और हमले का आरोपपरिजनों के अनुसार, करीब दो महीने पहले भी धर्मेंद्र ने आरती के साथ मारपीट की थी और उसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया था। उस घटना में आरती घायल हुई थी। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद और लगातार तनाव के कारण वह पति से अलग रहने लगी थी। आरती मूल रूप से मुरैना जिले के कैलारस क्षेत्र की रहने वाली थी, जबकि धर्मेंद्र दोहरे भिंड जिले के लहार का निवासी बताया जा रहा है। दोनों ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन बाद में उनके बीच विवाद बढ़ता गया।

पुलिस ने कहा- जल्द होगी गिरफ्तारीसीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला की हत्या उसके पति द्वारा किए जाने की आशंका सामने आई है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे