ग्वालियर में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक को घेरकर मारी गोली, हालत गंभीर
ग्वालियर, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में शनिवार सुबह जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। थाटीपुर थाना क्षेत्र स्थित पीएमटी चौराहे पर बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को घेरकर पहले बेरहमी से पीटा और फिर उस पर फायरिंग कर फरार हाे गए। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घायल युवक की पहचान रामवीर गुर्जर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रामवीर पीएमटी चौराहे के पास सड़क किनारे खड़ा था, तभी आधा दर्जन से अधिक बदमाश बाइक से वहां पहुंचे और अचानक उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने पहले रामवीर को लाठी-डंडों से जमकर पीटा। इसके बाद फायरिंग की गई, जिसमें उसके शरीर पर छर्रे लगे हैं। मारपीट के दौरान उसके सिर में भी गंभीर चोट आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में कुछ युवक दौड़ते हुए आते दिखाई दे रहे हैं, जो पोहा दुकान के पास खड़े युवक पर हमला कर देते हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
पुरानी रंजिश की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रामवीर गुर्जर का पड़ोसी पिंटू उर्फ उदय गुर्जर से प्लॉट को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। करीब दो सप्ताह पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते हमले को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाटीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जांच अधिकारी अतुल सोनी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

