ग्वालियर में 8 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध मौत, शरीर पर चोटों के निशान, पड़ोसी से पूछताछ
ग्वालियर, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र स्थित बरा गांव में 8 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बच्ची शुक्रवार सुबह अपने घर में बिस्तर पर मृत मिली। उसके शरीर पर चोटों के निशान पाए जाने के बाद परिजनों ने पड़ोसी पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक बच्ची अलीना अपने माता-पिता और भाई-बहनों के साथ रहती थी। गुरुवार शाम वह अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान वह पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के घर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि अलीना के द्वारा घर में रखी गुल्लक से कुछ रुपए निकालने की बात सामने आई थी। घर के मालिक को रुपए गायब होने का पता चला तो उसने आसपास पूछताछ की। बाद में बच्ची एक दुकान पर मिली, जहां उससे इस संबंध में सवाल किए गए। बताया जा रहा है कि उसने रुपए लेने की बात स्वीकार की और रुपए रखे जाने की जगह भी बता दी। परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान बच्ची के साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। हालांकि स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों का कहना है कि उन्होंने पूछताछ होते देखी थी, लेकिन मारपीट की घटना नहीं देखी।
शुक्रवार सुबह परिजनों ने देखा कि अलीना बिस्तर से नहीं उठ रही है। जांच करने पर उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में बच्ची के शरीर पर चोट के निशान मिलने की पुष्टि हुई है। मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाने के लिए पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुरानी छावनी थाना प्रभारी डॉ. संतोष यादव ने बताया कि बच्ची की मौत के मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं और चोरी की घटना के बाद पूछताछ किए जाने की बात भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाया है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

