home page

ग्वालियर : शराब से भरा तेज रफ्तार ट्रक दीवार तोड़कर थाने में घुसा, बड़ा हादसा टला

 | 
ग्वालियर : शराब से भरा तेज रफ्तार ट्रक दीवार तोड़कर थाने में घुसा, बड़ा हादसा टला


ग्वालियर, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के भितरवार में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया। शराब से भरा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर थाने की दीवार तोड़ते हुए परिसर में जा घुसा। हादसे के समय थाना परिसर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि होने से बच गई। हालांकि ट्रक की टक्कर से थाने की दीवार को काफी नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार, ट्रक भिंड जिले से देसी शराब की करीब 1500 पेटियां लेकर शिवपुरी जिले के पिछोर जा रहा था। उसे बुधवार तड़के तीन बजे के आसपास पिछोर पहुंचना था, लेकिन वह निर्धारित समय से पीछे चल रहा था। बताया जा रहा है कि समय पर गंतव्य तक पहुंचने की जल्दबाजी में चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे भितरवार थाने की दीवार तोड़ते हुए परिसर में जा घुसा। घटना के पास बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने बाहर निकलकर स्थिति का जायजा लिया।

ट्रक चालक की पहचान सीहोर निवासी नरेश गिरी के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। चालक ने शराब परिवहन से संबंधित कुछ दस्तावेज पुलिस को दिखाए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस आबकारी विभाग से दस्तावेजों की सत्यता की पुष्टि कराएगी। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि ट्रक के निर्धारित समय से देरी से पहुंचने की सूचना चालक ने पुलिस और आबकारी विभाग को नहीं दी थी।

नियमों के मुताबिक, शराब परिवहन करने वाले वाहन के निर्धारित समय से देरी होने पर संबंधित विभाग को सूचना देना अनिवार्य है। पुलिस ने चालक के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चालक ने शराब का सेवन किया था या नहीं और ट्रक में लदी शराब की पेटियों की संख्या परिवहन दस्तावेजों में दर्ज संख्या से मेल खाती है या नहीं।

थाने की दीवार क्षतिग्रस्त, आबकारी विभाग को दी सूचना

हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन थाने की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। ट्रक को थाना परिसर से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आबकारी विभाग को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण क्षेत्र में अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने की मांग की है।

भितरवार एसडीओपी गगन हनवंत ने बताया कि शराब से भरा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर थाने की दीवार तोड़ते हुए परिसर में घुस गया। घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा