home page

गुवाहाटी में विवाद के चलते जान से मारने की धमकी और तोड़फोड़ का आरोप, दो गिरफ्तार

 | 
गुवाहाटी में विवाद के चलते जान से मारने की धमकी और तोड़फोड़ का आरोप, दो गिरफ्तार


गुवाहाटी, 18 अप्रैल (हि.स.)। गुवाहाटी की हातीगांव पुलिस ने पैसों के विवाद को लेकर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने और एक घर में घुसकर तोड़फोड़ करने के आरोप में दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी शनिवार को दी।

शिकायतकर्ता जाहिदुल इस्लाम के अनुसार, यह घटना बीती देर रात हातीगांव पुलिस थाना क्षेत्र के सिजुबारी स्थित उनके घर पर हुई। इस्लाम ने आरोप लगाया कि आरोपित, जिनकी पहचान मतलिब अली और बापुकोन अली के रूप में हुई है, आधी रात के करीब उनके घर आए और गाली-गलौज करने लगे, साथ ही उन्हें और उनके पिता को जान से मारने की धमकी दी।

इस्लाम ने बताया कि उनके परिवार पर आरोपितों का कुछ कर्ज़ था और उन्होंने पैसे चुकाने के लिए कुछ और समय मांगा था। लेकिन, जब आरोपितों ने कथित तौर पर डराना-धमकाना और हिंसा शुरू कर दी, तो स्थिति बिगड़ गई। इस्लाम ने कहा कि उन्होंने हमें जान से मारने और हमारी ज़मीन पर कब्ज़ा करने की धमकी दी। उन्होंने हमारे गेट को नुकसान पहुंचाया और ग्रिल तोड़ने की कोशिश की। उन्होंने आगे बताया कि इस घटना के दौरान परिवार को अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा था।

इस कथित हमले के बाद, परिवार ने हातीगांव पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। अधिकारी इस मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रहे हैं। फुटेज में कथित तौर पर आरोपित पीड़ित पर किसी धारदार हथियार से हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे पीड़ित को गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस ने बताया कि चल रही जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवार द्वारा सुरक्षा को लेकर जताई गई चिंताओं का भी आकलन किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी