home page

बांदा : नकली गुटखा फैक्टरी का भंडाफोड़, एक आरोपित गिरफ्तार

 | 
बांदा : नकली गुटखा फैक्टरी का भंडाफोड़, एक आरोपित गिरफ्तार


मकान में चल रहा था अवैध कारोबार, 3.5 लाख रुपये का सामान बरामद

बांदा, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने मंगलवार को देर रात मोहल्ला शंकरनगर में चल रही अवैध नकली एवं अपमिश्रित गुटखा फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित के मकान से गुटखा बनाने की मशीन, अर्द्धनिर्मित गुटखा, तंबाकू, सुपाड़ी, रैपर और अन्य निर्माण सामग्री बरामद की है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई गई है।

जानकारी के मुताबिक, कोतवाली नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि शंकरनगर निवासी चन्द्रप्रकाश उर्फ चन्दू अपने मकान में अवैध रूप से नकली एवं अपमिश्रित गुटखा तैयार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मंगलवार रात को मकान में छापेमारी की। इस दौरान आरोपित गुटखा का निर्माण करते हुए मौके पर मिला, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह कानपुर से गुटखा निर्माण की सामग्री लाकर पिछले कई दिनों से अपने मकान में नकली एवं अपमिश्रित गुटखा तैयार कर रहा था और आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई कर आर्थिक लाभ कमाता था।

पुलिस ने मौके से एक गुटखा बनाने की मशीन, तीन बोरी मिश्रित तंबाकू एवं कटी सुपाड़ी, जिसका वजन करीब 73 किलोग्राम है, एक बोरी में ‘अभय भारत’, ‘साहू परिवार’ और ‘जबर सुपाड़ी’ लिखी पुड़िया, जिसका वजन करीब तीन किलोग्राम है, ‘शुभम’ लिखे पांच बंडल रैपर, जिनका वजन करीब 40 किलोग्राम, ‘जबर’ लिखे एक बंडल रैपर, जिसका वजन करीब छह किलोग्राम तथा एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन बरामद की है।

थाना प्रभारी कोतवाली नगर बलराम सिंह ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में बीएनएस की धारा 274, 275, 345, 318(4) तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 59 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अवैध गुटखा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों, सप्लायरों और खरीदारों की भी जानकारी जुटा रही है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह