home page

दौसा में छिपा मिला लेडी बाइकर को टक्कर मारकर भागा युवक

 | 
दौसा में छिपा मिला लेडी बाइकर को टक्कर मारकर भागा युवक


जयपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर लेडी बाइकर को कार से टक्कर मारकर फरार हुए आरोपी को आखिरकार दौसा में दबोच लिया गया। गुरुग्राम क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के भांडारेज इंटरचेंज से मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला (32) और उसके दोस्त लवनीश गुर्जर को गिरफ्तार किया। दोनों हरियाणा के पलवल निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद आरोपी भागकर दौसा पहुंचा था और एक दिन मेहंदीपुर बालाजी में दोस्त के साथ रुका था।

दौसा सदर थाने में प्राथमिक कार्रवाई के बाद दोनों को गुरुग्राम ले जाया गया। इस दौरान मुख्य आरोपी पुलिस के सामने अपना चेहरा हाथों से छिपाता नजर आया। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी है। मामला रविवार 13 सितंबर का है।

दिल्ली निवासी शिवानी चौहान उर्फ सिया अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर स्पोर्ट्स बाइक चला रही थीं। इसी दौरान मारुति सियाज कार में सवार युवकों ने उनकी बाइक के पास आने की कोशिश की। सिया के अनुसार, कार सवार युवकों ने गलत इशारे किए और बाइक रोकने का संकेत दिया।

आरोप है कि कुछ दूरी तक कार के पीछे चलने के बाद युवकों ने ओवरटेक किया और बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सिया बाइक समेत सड़क पर गिर गईं और काफी दूर तक घिसटती चली गईं। हादसे का पूरा घटनाक्रम बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।

राइडिंग गियर पहने होने के कारण सिया को ज्यादा चोट नहीं लगी, लेकिन उनका कहना है कि यह हादसा जानलेवा हो सकता था। टक्कर के बाद कार सवार युवक मौके पर रुके बिना फरार हो गए।

सिया के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद उनके एक साथी राइडर ने कार का पीछा किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद कार सवार युवकों ने ट्रैफिक सिग्नल के पास रास्ता बदल लिया और पीछा कर रहे राइडर को चकमा देकर फरार हो गए।

घटना के बाद सिया ने अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर पूरे मामले की जानकारी दी।

दौसा सदर थाना प्रभारी युधिष्ठिर ने बताया कि गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। हादसे के बाद कल्याण बैंसला को उसका दोस्त निंदर पलवल लेकर आया था। वहीं प्रमोद पर उसे गांव टिकरी गुर्जर से भगाने का आरोप है। गुरुग्राम पुलिस ने दोनों दोस्तों को भी पकड़ लिया है।

मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला पलवल के टिकरी गुर्जर गांव का रहने वाला है। वह किसान परिवार से ताल्लुक रखता है। उसके पिता धीरज बैंसला किसान हैं और पहले नंबरदार भी रह चुके हैं। कल्याण शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।

सड़क हादसे में घायल हुईं शिवानी चौहान उर्फ सिया दिल्ली निवासी हैं। उन्होंने फैशन डिजाइनिंग का पाठ्यक्रम किया है। उनके पिता रोशन चौहान के अनुसार, सिया वर्ष 2022 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर दिल्ली के कालकाजी क्षेत्र से नगर निगम चुनाव भी लड़ चुकी हैं। रोशन चौहान भी आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित