गोली से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
प्रयागराज, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कौंधियारा थाना क्षेत्र के देवरा डांडी गांव में 24 मार्च को गोली लगने से घायल युवक की इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात मौत हो गई। शनिवार को पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान धर्मराज आदिवासी (30) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 24 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे गांव में मामूली विवाद के बाद कहासुनी बढ़ गई थी। इसी दौरान आरोपिताें ने धर्मराज की पीठ में गोली मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौंधियारा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उनका इलाज स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, इस मामले में मुख्य आरोपित देवरा डांडी निवासी अतुल और कैथा गांव का रहने वाला सुभम सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

