भाजयुमो नेता काे गाेली मारने वाला आरोपित गिरफ्तार
लखनऊ, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी युवा माेर्चा (भाजयुमो) नेता चेतन तिवारी को गोली मारने वाले आरोपित को पुलिस ने रविवार काे गिरफ्तार कर लिया। पुरानी रंजिश में आरोपित ने भाजयुमो नेता को गोली मारी थी।
थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि पुलिस काे सूचना मिली कि मेहंदीगंज में चेतन तिवारी को शनिवार रात एक अज्ञात व्यक्ति गोली मारकर भाग गया है। सूचना पाकर माैके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया, जिसमें जानलेवा हमला करने के आरोपित की पहचान मेहंदीगंज निवासी वैभव बाजपेई उर्फ कौस्तुभ के रूप में हुई। घटना के संबंध में घायल की पत्नी मानसी तिवारी ने तहरीर दी, जिसमें मोहल्ले के रहने वाले वैभव बाजपेई उर्फ कौस्तुभ, हर्षित बाजपेई एवं अन्य व्यक्तियों पर पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने, घर में घुसकर धमकी देने एवं जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया गया।
घटना में नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित वैभव बाजपेई उर्फ कौस्तुभ को आज गिरफ्तारी कर लिया। पूछताछ आरोपित ने बताया कि उसके परिवार एवं घायल चेतन तिवारी के मध्य लंबे समय से आपसी रंजिश चल रही है। इसी वजह से शनिवार रात को उसने जान से मारने की नीयत से चेतन पर फायरिंग की थी। आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध असलहा बरामद कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

