नकबजनी की वारदात करने वाली अंतरराज्यीय गुजराती गैंग चढी पुलिस के हत्थे
जयपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। सदर थाना पुलिस ने नकबजनी की वारदात करने वाली अंतरराज्यीय “गुजराती गैंग का खुलासा करते हुए पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 10 किलो 470 ग्राम शुद्ध चांदी बरामद की है। गिरोह में शामिल आरोपिताें में नकबजन के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाला भी शामिल है, जिसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब आरोपिताें से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और शेष चोरी के माल की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि सदर थाना पुलिस ने गुजरात के अमरोली और सीहोर क्षेत्र में दबिश देकर मुख्य आरोपी राकेश उर्फ राकला (18), रोशन उर्फ पावला (32) और उसकी पत्नी भावना उर्फ भाविका (26) को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पुलिस ने आरोपिताें की निशानदेही पर दिल्ली के पश्चिमपुरी से चोरी का माल खरीदने वाले मनीष हलवदिया (29) को पकड़ा गया। वहीं एक अन्य आरोपी मनोज उर्फ मणिया (22) को सूरत से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित दिन में प्लास्टिक सामान और कपड़े बेचने के बहाने सूने मकानों और दुकानों की रेकी करते थे। रात में सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते और महिलाओं को साथ रखकर ऑटो आदि में फरार हो जाते थे, ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके।
गिरफ्तार आरोपिताें में से कुछ के खिलाफ पहले से राजस्थान, हरियाणा और अन्य राज्यों में नकबजनी और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और बाकी चोरी के माल की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी बृजमोहन कविया ने बताया कि 12 अप्रैल 2026 को परिवादी बलराम सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि खासाकोठी पुलिस के पास विनायक ज्वेलर्स की दुकान में देर रात अज्ञात बदमाशों ने शटर तोड़कर चांदी के जेवरात, बर्तन और मूर्तियां चोरी कर ली। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इस पर सदर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वहीं वारदात की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी और एसीपी सदर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने करीब 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जहां जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को अंतरराज्यीय “गुजराती गैंग” की संलिप्तता का सुराग मिला। पुलिस टीम ने आरोपितों का पीछा करते हुए गुजरात के सिहोर पहुंची, जहां से चार आरोपिताें को दस्तयाब किया गया। वहीं चोरी का माल खरीदने वाले आरोपित को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

