आमेर किले तक गाड़ी ले जाने को लेकर हुए विवाद में गाइड पर चाकू से हमला
जयपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। आमेर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह मावठा सरोवर के पास आमेर किले तक गाड़ी ले जाने को लेकर जीप चालक और टूरिस्ट गाइड के बीच विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर जीप चालक आजम ने अपने साथी नाजिश के साथ मिलकर टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से मनीष के पेट में गंभीर चोट आई। उन्हें सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल में जुटी है।
थानाधिकारी राजेंद्र गौतम ने बताया कि मावठा के पास गाइड मनीष सोनी गाड़ियों को आमेर किले तक पहुंचाने से रोक रहा था। इसी बात को लेकर जीप चालक आजम से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आजम और उसके साथी नाजिश ने मनीष पर चाकू से हमला कर दिया। घटना सुबह करीब 10 बजे की है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। वारदात के बाद बड़ी संख्या में टूरिस्ट गाइड और स्थानीय लोग आमेर थाने पहुंच गए। लोगों ने करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन कर आरोपिताें की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल रहा।
पुलिस ने आरोपित आजम और नाजिश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही विवाद की पूरी वजह और हमले में इस्तेमाल चाकू के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार आजम के खिलाफ आमेर थाने में पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश भी हो सकती है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

