home page

नशे के कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, 180 नशीली टेबलेट के साथ आरोपित गिरफ्तार

 | 
नशे के कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, 180 नशीली टेबलेट के साथ आरोपित गिरफ्तार


- नकदी और मोबाइल सहित करीब 80 हजार रुपये का मशरूका जब्त

रायपुर, 23 सितंबर (हि. स.)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और थाना गुढ़ियारी पुलिस की संयुक्त टीम ने नशीली टेबलेट की अवैध बिक्री के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 180 नग नाईट्रोसन-10 नशीली टेबलेट, बिक्री की नकदी और मोबाइल फोन सहित करीब 80 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, गुढ़ियारी क्षेत्र के सीएसईबी मैदान स्थित हनुमान मंदिर के सामने एक व्यक्ति नशीली टेबलेट रखकर उसकी अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना गुढ़ियारी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम डोलेंद्र साहू उर्फ छोटू, निवासी गुढ़ियारी, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नाईट्रोसन-10 की 180 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद हुई। पुलिस ने आरोपित से टेबलेट रखने और बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज एवं अनुमति प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपित ने टीम को गुमराह करने का भी प्रयास किया। इसके बाद आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 180 नग नाईट्रोसन-10 टेबलेट, बिक्री की नगदी 570 रुपये और एक मोबाइल फोन, कुल करीब 80 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया।

मामले में थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 422/26 के तहत धारा 21(बी) नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर