गेरवानी शराब दुकान में फायरिंग, गार्ड घायल
रायगढ़, 18 अगस्त (हि.स.)। गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट शराब दुकान में बीते सोमवार रात पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग की घटना हुई। गोली लगने से वहां तैनात प्रायवेट सुरक्षा गार्ड चन्द्रशेखर पटेल घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे एक युवक शराब दुकान के सामने पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी देते हुए पिस्टलनुमा हथियार निकाला और फायर कर दिया। गोली गार्ड के पेट में लगी। घायल गार्ड ने दुकान के पीछे छिपकर अपने साथियों को घटना की जानकारी दी और डायल 112 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस, साइबर पुलिस, आबकारी विभाग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घायल गार्ड की शिकायत पर पूंजीपथरा पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

