home page

शादी से इनकार कर जीएसटी निरीक्षक पर धोखा देने का आरोप, युवती ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

 | 
शादी से इनकार कर जीएसटी निरीक्षक पर धोखा देने का आरोप, युवती ने थाने में दर्ज कराई शिकायत


कोलकाता, 30 अक्टूबर (हि. स.)। शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से इनकार करने का आरोप एक जीएसटी निरीक्षक पर लगा है। युवती का आरोप है कि शादी के लिए दबाव बनाने पर युवक ने उससे संपर्क तोड़ लिया। इतना ही नहीं, मुंह बंद रखने के लिए 30 लाख रुपये देने का प्रस्ताव भी दिया। इसके बाद युवती ने बागुईआटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपित का नाम दीपायन राय है। वह उत्तर 24 परगना जिले के न्यू बैरकपुर स्थित बीटी कॉलेज इलाके का निवासी है। युवती के अनुसार, दीपायन के साथ लंबे समय से उसका प्रेम संबंध था। दोनों कई बार साथ घूमने भी गए थे।

युवती का आरोप है कि शादी का भरोसा देकर आरोपित ने शहर के अलग-अलग होटलों में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसने जल्द ही कानूनी रूप से शादी करने का आश्वासन भी दिया था। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी जब शादी नहीं हुई तो युवती ने उस पर विवाह के लिए दबाव बनाना शुरू किया। इस पर युवक ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।

युवती ने जब पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोप है कि युवक ने मामला दबाने के लिए उसे 30 लाख रुपये देने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद उसने अचानक युवती से संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया।

अंततः युवती ने बागुईआटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपित दीपायन राय फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता