जबलपुर : चलती ट्रेनों में चोरी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, 3.52 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
जबलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। जीआरपी थाना जबलपुर पुलिस ने चलती ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 3 लाख 52 हजार 420 रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में सोने का हार, नाक की तीन लौंग, सोने की नथ, मंगलसूत्र, 12 नग सोने के मनचली के गुरिया, दो सोने की पुरुषों की अंगूठियां और एक जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं।
सोमवार को जीआरपी प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि आरोपी राजा निषाद (52), निवासी चित्रकूट (उत्तर प्रदेश), वर्तमान में कटनी के खिरहनी फाटक क्षेत्र में रह रहा था। 21 जुलाई 2026 को उसे जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के इटारसी एंड से संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। पूछताछ में वह जीआरपी थाने का पूर्व अपराधी निकला।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने करीब ढाई से तीन महीने पहले भुसावल-कटनी पैसेंजर और कटनी-भुसावल पैसेंजर ट्रेनों में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सोने के आभूषण बरामद किए। वहीं, आरोपी ने दो सोने की अंगूठियां और एक जोड़ी चांदी की पायल कटनी के गोल बाजार स्थित मुस्कान ज्वैलर्स में बेचने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ज्वैलर्स संचालक विकास सोनी के कब्जे से दोनों सोने की अंगूठियां और चांदी की पायल बरामद कर ली। मामले में धारा 317(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपी राजा निषाद को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
यह कार्रवाई रेल पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन और रेल उप पुलिस अधीक्षक अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में जीआरपी थाना जबलपुर की एसएचओ संजीवनी राजपूत, सउनि गोपाल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक सतेंद्र सिंह, अरुण तिवारी, मनोज मिश्रा, रविकांत रजक, गोपाल, उमेश चौरे और आरआईबी प्रधान आरक्षक हर्ष स्वरूप शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर ने पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

