ट्रेन से 72 बोतल अवैध शराब बरामद, पंजाब के तीन तस्कर गिरफ्तार
जौनपुर,19 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में अपराध और अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजकीय रेलवे पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। शाहगंज रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग के दौरान टीम ने ट्रेन से अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।जीआरपी थाना जौनपुर की टीम ने प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार गौड़ के नेतृत्व में गुरुवार को प्लेटफॉर्म संख्या 04 पर खड़ी ट्रेन संख्या 04652 अमृतसर–जयनगर क्लोन एक्सप्रेस में चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान कोच बी-01 में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त तीन व्यक्तियों को रोका गया।
तलाशी के दौरान उनके पास रखी छह सफेद बोरियों से कुल 72 बोतल हरियाणा निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में राजवीर सिंह पुत्र मनजीत सिंह (28) निवासी चेलेके थाना अमृतसर पंजाब, विशाल सिंह (21) पुत्र तेजिंदर सिंह निवासी चाभाल रोड बहरो जनपद अमृतसर पंजाब, विजय सिंह (26)पुत्र गुरुवेल सिंह निवासी रसियन थाना सदर पंजाब शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना जीआरपी जौनपुर में मुकदमा अपराध संख्या 06/2026 के तहत धारा 60/63 आबकारी अधिनियम में केस दर्ज कर लिया है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई और किस स्थान तक पहुंचाई जानी थी। प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि जीआरपी रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के जरिए होने वाली अवैध तस्करी पर सख्ती से रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।ये कार्रवाई को उसी अभियान का हिस्सा है। गिरफ्तार आरोपित युवकों को अवश्य कार्यवाही के बाद जेल भेजा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

