जबलपुरः जीआरपी ने मोबाइल चोरी के तीन मामलों का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले आरोपी को जीआरपी ने गिरफ्तार कर तीन अलग-अलग वारदातों का गुरुवार को खुलासा किया है। आरोपी की पहचान दीपक लीलानी उर्फ देव उर्फ दाऊ (20), निवासी आचार्य कृपलानी वार्ड, कैरिन लाइन, माधवनगर, कटनी के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल आशुतोष मिश्रा और उप पुलिस अधीक्षक रेल विजय गुठरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने मोबाइल चोरी की घटनाओं की पतासाजी के लिए टीम गठित की थी। इसी दौरान आरोपी को पकड़कर पूछताछ की गई।
29 सितंबर 2026 को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ में उसने करीब एक माह पहले जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर गोंडवाना एक्सप्रेस में भीड़ का फायदा उठाकर एक यात्री की जेब से रियलमी कंपनी का मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। मोबाइल की कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में जीआरपी थाना जबलपुर में अपराध क्रमांक 633/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। पूछताछ में आरोपी ने सिहोरा रेलवे स्टेशन पर करीब छह-सात दिन पहले एक सोते हुए यात्री की जेब से मोटोरोला कंपनी का मोबाइल चोरी करना भी स्वीकार किया। चोरी किए गए मोबाइल की कीमत करीब 17,300 रुपये बताई गई है। आरोपी की निशानदेही पर मोबाइल बरामद कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
तीसरी वारदात में आरोपी ने रीवा शटल ट्रेन में एक यात्री से बातचीत के दौरान दोस्ती बढ़ाई और मौका पाकर उसका मोबाइल चोरी कर लिया। इसके बाद वह आधारताल स्टेशन पर ट्रेन से उतर गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल के जरिए UPI से करीब 20 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन भी किया।
इस मामले में आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत विवेचना की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। जीआरपी जबलपुर का कहना है कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा तथा मोबाइल चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

