जबलपुर : जहर खुरानी कर लूट करने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार
जबलपुर, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जीआरपी ने ट्रेन में यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। मामले में अन्य वारदातों के खुलासे के लिए पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
जीआरपी प्रभारी संजीवनी राजपूत ने सोमवार को बताया कि सितंबर 2025 में दमोह जिले के राजपुर निवासी जितेन्द्र साहू अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में जा रहे थे। यात्रा के दौरान जबलपुर रेलवे स्टेशन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे मेलजोल बढ़ाकर दोस्ती कर ली। ट्रेन में सफर के दौरान आरोपी ने जितेन्द्र साहू और उनके जीजा रामप्रसाद को चने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया, जिससे दोनों बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी उनके मोबाइल फोन और करीब 9 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गया।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जीआरपी थाना जबलपुर ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मिर्जापुर जेल में निरुद्ध आरोपी अजय कुमार गुप्ता और राजेश साहनी को न्यायालय के आदेश पर पूछताछ के लिए तलब किया गया। दोनों आरोपियों ने अपने साथी और गिरोह के सरगना शिवदेव सिंह उर्फ दीपक उर्फ केसारी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने शिवदेव सिंह की तलाश में लगातार प्रयास किए और उसकी लोकेशन पुणे की मधुवन कॉलोनी में मिलने पर टीम भेजकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एआई प्लस कंपनी का करीब 8 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि सितंबर माह में ही आरोपी ने शक्तिपुंज एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे नेजाबुद्दीन अंसारी को भी नशीला पदार्थ खिलाकर उसका मोबाइल चोरी कर लिया था। आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल के माध्यम से 1 लाख 67 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए थे।
पुलिस अब आरोपी का रिमांड लेकर अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी पर रेल पुलिस अधीक्षक जबलपुर द्वारा नगद इनाम भी घोषित किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

