home page

जबलपुर : जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के तीन मोबाइल के साथ आरोपी गिरफ्तार

 | 
जबलपुर : जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के तीन मोबाइल के साथ आरोपी गिरफ्तार


जबलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी के तीन मोबाइल फोन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 62 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने शनिवार को बताया कि 31 जुलाई को रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 के कटनी छोर पर एक युवक यात्रियों को चोरी के मोबाइल फोन बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पंकज मेहरा उर्फ टीकू (23) निवासी चित्रगुप्त मंदिर के पास, बरमानकला, थाना सुआतला, जिला नरसिंहपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से बिना सिम के तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। इनमें एक रियलमी नार्जो, एक रियलमी और एक वनप्लस कंपनी का मोबाइल शामिल है। आरोपी बरामद मोबाइल फोन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या खरीद का बिल प्रस्तुत नहीं कर सका।

थाना प्रभारी ने बताया कि ई-रक्षक एप के माध्यम से की गई जांच में आरोपी के विरुद्ध पूर्व से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होना सामने आया है। पुलिस ने तीनों मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है तथा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक परशुराम यादव, मनोज मिश्रा, अरुण तिवारी, सतेन्द्र सिंह, आरक्षक रविकांत तथा आरपीएफ पोस्ट जबलपुर के प्रधान आरक्षक जितेन्द्र तिवारी और आरक्षक हरिकेश दुबे की सराहनीय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक