home page

जबलपुरः जीआरपी ने पकड़ी शातिर महिला चोर, माल बरामद

 | 
जबलपुरः जीआरपी ने पकड़ी शातिर महिला चोर, माल बरामद


जबलपुर, 12 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में कटनी से आ रही लोकल ट्रेन में महिला यात्री के चांदी के कड़े चोरी करने वाली महिला को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला के कब्जे से चोरी गए दोनों चांदी के कड़े बरामद कर लिए गए हैं।

जीआरपी प्रभारी संजीवनी राजपूत ने मंगलवार को बताया कि ग्राम बंधी थाना स्लीमनाबाद जिला कटनी निवासी खुशबू चक्रवर्ती ट्रेन नंबर 61618 के जनरल कोच में स्लीमनाबाद से जबलपुर की यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान ट्रेन छूटने के कुछ देर बाद उन्होंने देखा कि उनके हाथ में पहने हुए चांदी के दो कड़े गायब हैं। फरियादिया को शक था कि ट्रेन में चढ़ते समय भीड़ में धक्का-मुक्की कर रही काले रंग का सलवार सूट पहने महिला ने ही कड़े चोरी किए हैं।

शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। मंगलवार को रेलवे स्टेशन जबलपुर के प्लेटफार्म नंबर 1 के इटारसी छोर पर आवेदक द्वारा बताए गए हुलिए की महिला दिखाई दी। पुलिस को देखकर वह वहां से जाने लगी, जिसे स्टाफ और महिला आरक्षक की मदद से रोक लिया गया।

पूछताछ में महिला ने पहले गोलमोल जवाब दिए, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम रेशमा महावत पति राजू महावत उम्र 25 वर्ष निवासी मुलीगंज थाना बाराबंकी जिला लखनऊ (उत्तर प्रदेश) बताया। आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि उसने कटनी-इटारसी लोकल ट्रेन में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर महिला यात्री के हाथ से चांदी के दो कड़े चोरी किए थे।

आरोपी महिला ने अपने सलवार की जेब से करीब 35 ग्राम वजनी चांदी के दो कड़े, जिनकी कीमत लगभग 8,750 रुपये बताई गई है, निकालकर पुलिस को सौंप दिए। जीआरपी ने जब्त कर आरोपी महिला को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक