जीआरपी का खुलासा : जेल से रिमांड पर लाए गए दो शातिर चोरों से माल बरामद
जबलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जीआरपी ने शनिवार को जिला जेल से रिमांड पर लाए गए जबलपुर के दो शातिर चोरों से सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन सहित कुल 6 लाख 42 हजार 500 रुपये का चोरी का माल बरामद किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ट्रेनों में चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया, जिसके आधार पर पुलिस ने दो अन्य मामलों का भी पर्दाफाश किया है।
जीआरपी के अनुसार, जबलपुर के मझौली निवासी अतिम सिंह खंगार और शरद उर्फ गोलू झारिया कटनी जिला जेल में न्यायिक अभिरक्षा में बंद थे। ट्रेनों में चोरी के एक प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय से रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर जीआरपी ने कटनी थाने में दर्ज चोरी के दो अन्य मामलों का भी खुलासा किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पायल तथा विभिन्न कंपनियों के पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत 6 लाख 42 हजार 500 रुपये बताई गई है।
आरोपियों से बरामदगी और पूछताछ संबंधी सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। इसके बाद दोनों आरोपियों को पुनः न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

