ट्रेन के जनरल कोच से मोबाइल चोरी, जीआरपी ने आरोपी को दबोचा
जबलपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। रेलवे स्टेशन जबलपुर पर यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ जीआरपी की निगरानी के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से ट्रेन में चोरी किया गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12,500 रुपये बताई गई है।
जीआरपी प्रभारी ने गुरुवार को बताया कि जीआरपी की टीम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 के इटारसी छोर पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर तेज कदमों से वहां से निकलने का प्रयास करता दिखाई दिया। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम साबिर अंसारी (26), पिता हनीफ अंसारी, निवासी लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, पंचकुइयां चौक, सुभाष शाह ग्राउंड के पास, थाना हनुमानताल, जबलपुर बताया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने उसी दिन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 से गुजरात जाने वाली ट्रेन के जनरल कोच में सफर कर रहे एक यात्री का वीवो कंपनी का मोबाइल चोरी किया था। मामले में जीआरपी थाना जबलपुर में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया वीवो मोबाइल फोन बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने मोबाइल में लगी सिम निकालकर फेंक दी थी। इस आधार पर प्रकरण में संबंधित बीएनएस की धारा का इजाफा किया गया।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में पूर्व से अपराध दर्ज होना सामने आया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के मार्गदर्शन में सहायक उप निरीक्षक भगचंद उददे, प्रधान आरक्षक उमेश, प्रधान आरक्षक परशुराम, प्रधान आरक्षक रविकांत सहित आरपीएफ पोस्ट के प्रधान आरक्षक हरिकेश दुबे, केदार मल जाट एवं अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जीआरपी जबलपुर द्वारा रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

