home page

जबलपुर रेलवे स्टेशन पर महिला के थैले से 5.342 किलो गांजा बरामद

 | 
जबलपुर रेलवे स्टेशन पर महिला के थैले से 5.342 किलो गांजा बरामद


जबलपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों के मद्देनजर मध्‍य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर चल रही सघन जांच के दौरान जीआरपी ने बुधवार को एक महिला को गांजे के साथ गिरफ्तार किया। महिला के पास से कपड़े के थैले में रखे पांच पैकेटों में कुल 5 किलो 342 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 1 लाख 33 हजार 550 रुपये बताई गई है। पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जीआरपी के अनुसार रेलवे स्टेशन जबलपुर के प्लेटफॉर्म क्रमांक 2-3 के इटारसी एंड पर बुधवार को पुलिस टीम नियमित रूप से यात्रियों और संदिग्ध वस्तुओं की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक महिला की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। महिला ने अपना नाम बैदेही बाई बताया। वह जिला रायसेन की निवासी है और मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली बताई गई है।

पुलिस ने महिला के पास मौजूद कपड़े के थैले की तलाशी ली। थैले के भीतर सफेद कपड़े में लिपटे पांच पैकेट मिले। संदेह के आधार पर पैकेटों को खोलकर जांच की गई तो उनमें गांजा बरामद हुआ। इसके बाद मादक पदार्थ का इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से वजन कराया गया। सभी पैकेटों में गांजे की कुल मात्रा 5.342 किलोग्राम पाई गई। पुलिस ने गांजे को विधिवत जब्त कर लिया।

जीआरपी ने महिला के खिलाफ थाना जीआरपी जबलपुर में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब महिला से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा वह कहां से लेकर आई थी और उसे यह मादक पदार्थ किस व्यक्ति ने उपलब्ध कराया। इसके साथ ही पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की जानकारी भी जुटा रही है।

जीआरपी के मुताबिक त्योहारों को देखते हुए रेलवे स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी बढ़ाई गई है। इसी क्रम में की जा रही चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई सामने आई।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक