home page

ट्रेन के स्लीपर कोच से बैग चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

 | 
ट्रेन के स्लीपर कोच से बैग चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद


जबलपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जीआरपी ने ट्रेन में चोरी के मामले में फरार चल रहे 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का पावर बैंक और दो पेन ड्राइव समेत करीब 3 हजार रुपए का सामान बरामद किया गया है।

जीआरपी थाना जबलपुर में दर्ज अपराध के मामले में पुलिस को आरोपी हर्ष खंगार पिता बलराम खंगार, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम रजवई, थाना मझौली, जिला जबलपुर की तलाश थी। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी।

जीआरपी प्रभारी संजीवनी राजपूत ने रविवार को बताया कि आरोपी को दस्तयाब कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने करीब छह माह पहले कटनी से देवरी जाते समय कटनी-भुसावल पैसेंजर ट्रेन के स्लीपर कोच से एक पीठू बैग चोरी करने की बात स्वीकार की।

आरोपी ने बताया कि बैग में एक टैबलेट, पावर बैंक, दो पेन ड्राइव, 8 हजार रुपए नकद, एटीएम कार्ड और कपड़े रखे थे। आरोपी के अनुसार उसने टैबलेट को 4 हजार रुपए में बेच दिया, जबकि अन्य सामान अपने पास रख लिया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से काले रंग का शाओमी कंपनी का पावर बैंक और दो सिल्वर रंग की पेन ड्राइव, कुल कीमत करीब 3 हजार रुपए, बरामद कर विधिवत जब्त की है।

आरोपी के पूर्व अपराध अभिलेख भी पाए गए हैं। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के मार्गदर्शन में प्र.आर. संतोष कुमार चौबे, सउनि नरेश चौधरी, आरक्षक भूपाल सिंह तथा प्र.आर. हरस्वरूप शर्मा और रेल रक्षा समिति सदस्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक