जबलपुर : काशी एक्सप्रेस से महिला के गायब होने की खबर से मचा हड़कंप, इटारसी में उतरकर पहुंची थी मायके
जबलपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। काशी एक्सप्रेस से प्रयागराज से मुंबई की यात्रा के दौरान 26 वर्षीय महिला के अचानक लापता होने की सूचना से रेलवे पुलिस में हड़कंप मच गया।
रविवार को जीआरपी प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी जबलपुर ने महिला की तलाश शुरू की। जांच के दौरान महिला अपने मायके में सकुशल मिल गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह इटारसी स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर अपनी स्वेच्छा से मायके चली गई थी।
जीआरपी जबलपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 522/26, धारा 140(3) बीएनएस के मामले में अपहृत बताई गई महिला शालिनी मिश्रा (26) गत 1 अक्टूबर को अपने पिता के साथ थाने पहुंची। पुलिस ने महिला से पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि वह ट्रेन क्रमांक 15018 काशी एक्सप्रेस से प्रयागराज से मुंबई जा रही थी। यात्रा के दौरान इटारसी स्टेशन पर उतरने के बाद वह अपनी इच्छा से मायके चली गई थी।
महिला ने पुलिस को स्पष्ट रूप से बताया कि उसके साथ किसी प्रकार की जोर-जबरदस्ती नहीं हुई और न ही उसके साथ कोई अपराध घटित हुआ है। इसके बाद पुलिस ने महिला का स्वास्थ्य परीक्षण कराया और माननीय न्यायालय में धारा 183 बीएनएसएस के तहत उसके कथन दर्ज कराए गए। न्यायालय में महिला ने अपने पिता के साथ जाने की इच्छा व्यक्त की। इसके बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए जीआरपी ने महिला को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

