home page

जीआरपी की बड़ी कार्रवाई : 26 मुकदमों में वांछित समेत दो मोबाइल चोर गिरफ्तार, तीन फोन बरामद

 | 
जीआरपी की बड़ी कार्रवाई : 26 मुकदमों में वांछित समेत दो मोबाइल चोर गिरफ्तार, तीन फोन बरामद


कानपुर, 06 जून (हि.स.)। ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी और छिनैती करने वाले दो शातिर अपराधियों को जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। गिरफ्तार शातिरों में एक ऐसा अपराधी भी शामिल है, जिसके खिलाफ कानपुर, कानपुर देहात और गाजियाबाद में 26 मुकदमे दर्ज हैं।

जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह ने शनिवार को बताया कि ट्रेनों और स्टेशन परिसर में होने वाली चोरी और छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे कानपुर सेंट्रल तृप्त कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में जीआरपी कानपुर सेंट्रल की टीम ने आज इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।

पुलिस टीम ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के हैरिसगंज पुल के उस पार रेलवे ट्रैक किनारे टाटमिल चौराहे की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान रोहित निवासी दादा नगर, गोविंद नगर तथा राज कुमार निवासी भण्डेमऊ, थाना मंगलपुर, कानपुर देहात के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब एक लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे रेलवे स्टेशनों के आउटर क्षेत्र में छिपकर ट्रेनों के धीमा होने का इंतजार करते थे और खिड़की व दरवाजे के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी या छीन लेते थे।

जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आराेपित काफी समय से ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों के आसपास सक्रिय थे। इनके कब्जे से बरामद मोबाइल चोरी की घटनाओं से संबंधित हैं। आरोपियों से पूछताछ कर उनके द्वारा की गई अन्य वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित रोहित एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ जीआरपी कानपुर, कानपुर देहात और गाजियाबाद में चोरी, लूट तथा अन्य अपराधों के कुल 26 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा गाजियाबाद में उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। रेलवे पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप