home page

जीआरपी ने शातिर चोर को दबोचा, सात हजार नकद और जवेलरी बरामद

 | 
जीआरपी ने शातिर चोर को दबोचा, सात हजार नकद और जवेलरी बरामद


कानपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी और छिनैती करने वाले एक शातिर आरोपित को जीआरपी ने रविवार को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी के सात हजार रुपये नकद और पीले धातु की एक बाली बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।

जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार तड़के प्लेटफॉर्म नंबर-9 के बाहर सिटी साइड अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्ति की घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से सात हजार रुपये नकद और सोने की एक बाली बरामद हुई। पूछताछ में उसने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म और आउटर क्षेत्र में यात्रियों के नकदी, जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी करने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान राज नारायण सिंह उर्फ नत्थू, निवासी ग्राम एवं पोस्ट रायपट्टी, थाना अमानीगंज खंडासा, जनपद अयोध्या के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बरामद सात हजार रुपये अलग-अलग चोरी की घटनाओं से संबंधित हैं, जबकि सोने की बाली भी चोरी के एक मुकदमे से जुड़ी हुई है।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपित के खिलाफ जीआरपी कानपुर सेंट्रल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उसके आपराधिक इतिहास की जांच में सामने आया है कि वह पहले भी चोरी और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब उससे पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप