home page

तीन साल से फरार वारंटी को जीआरपी ने दबोचा

 | 
तीन साल से फरार वारंटी को जीआरपी ने दबोचा


कानपुर, 15 जून (हि.स.)। रेल यात्रियों की सुरक्षा और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने तीन साल से फरार चल रहे एक वारंटी आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की तलाश लंबे समय से की जा रही थी और उसके खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी था।

जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए फतेहपुर जिले के कोतवाली क्षेत्र स्थित असनी कॉलोनी निवासी शहबाज को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया। आरोपित के खिलाफ जीआरपी कानपुर सेंट्रल में दर्ज एक पुराने मुकदमे में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शातिर काफी समय से फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना और सटीक निगरानी के बाद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को जीआरपी थाने लाकर पूछताछ की गई और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।

जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि रेलवे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, वांछित एवं वारंटी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह सफलता हासिल हुई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह, उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक निरंजन वाहिनी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप