home page

बिहार के बेगूसराय का फरार आरोपित डानकुनी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार

 | 
बिहार के बेगूसराय का फरार आरोपित डानकुनी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार


हुगली, 04 अगस्त (हि. स.)। जीआरपी ने बिहार के बेगूसराय जिले के एक आपराधिक मामले में फरार चल रहे एक आरोपित को डानकुनी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, पूर्व रेलवे, कोलकाता के माध्यम से हावड़ा जीआरपी कंट्रोल को सूचना मिली थी कि बिहार के बेगूसराय जिले के सिंघौल थाना में दर्ज एक आपराधिक मामले का नामजद आरोपित धीरज कुमार सिंह उर्फ मास्टर साहब, पुत्र जितेंद्र कुमार शर्मा, गिरफ्तारी से बचने के लिए ट्रेन से फरार होने की कोशिश कर रहा है।

सूचना पाकर बेलूड़ जीआरपी थाने की एक विशेष टीम ने जाल बिछाकर विभिन्न ट्रेनों की तलाशी शुरू की। तलाशी अभियान के दौरान सोमवार देर रात आरोपित को डानकुनी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार को बेगूसराय पुलिस की एक टीम हावड़ा पहुंची। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद हावड़ा की अदालत से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर आरोपित को अपनी अभिरक्षा में लेकर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए बिहार रवाना हो गई।

जीआरपी के अनुसार, आरोपित के खिलाफ सिंघौल थाना में दर्ज मामले की जांच अब बिहार पुलिस आगे बढ़ाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय