home page

जाैनपुर में दूल्हे की हत्या में शामिल चार आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, मुख्य आरोपित पकड़ से बाहर

 | 
जाैनपुर में दूल्हे की हत्या में शामिल चार आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, मुख्य आरोपित पकड़ से बाहर


जाैनपुर में दूल्हे की हत्या में शामिल चार आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, मुख्य आरोपित पकड़ से बाहर


जौनपुर, 04 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सरायख्वाजा थाना अंतर्गत दूल्हे आजाद बिंद की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार सुबह खेतासराय थाना क्षेत्र के बादशाही बाजार में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चार आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपिताें को गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सोमवार को जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात नकाबपोश बदमाशों ने बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच सोमवार सुबह पुलिस से हुई मुठभेड़ में घायल आरोपितों की पहचान संदहा निवासी कुशल मिश्रा, अमितेश मिश्रा और खुटहन निवासी विकास के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य आरोपी खुटहन निवासी अजय यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपित आजमगढ़ निवासी प्रदीप बिंद अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, पुलिस अधीक्षक डॉ. कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि जल्द ही अन्य फरार आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मृतक आजाद बिंद के पिता ने इस हत्या के पीछे पुराने विवाद को कारण बताया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इस बीच रविवार को परिजनों द्वारा अंतिम संस्कार करने से मना करने पर और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजनों से जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह, प्रदेश के राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने मुलाकात कर उन्हें समझा-बुझाकर अंतिम संस्कार के लिए राजी किया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले पर्दाफाश किया जाएगा।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव