home page

मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में चल रही थी शराब पार्टी, अवैध हथियार के साथ तीन गिरफ्तार

 | 
मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में चल रही थी शराब पार्टी, अवैध हथियार के साथ तीन गिरफ्तार


बक्सर, 14 जुलाई (हि.स.)। डुमरांव थाना क्षेत्र में एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में अवैध हथियार के साथ शराब पार्टी कर रहे तीन युवकों को पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया।

आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, लगभग 75 मिली शराब तथा पांच मोबाइल बरामद किए गए हैं। सभी को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार को जेल भेज दिया गया।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एएसपी) पोलस्त कुमार ने डुमरांव थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्थानीय राहुल मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में कुछ लोग अवैध हथियार के साथ शराब का सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान दुकान में तीन युवक शराब पीते मिले। पुलिस को देखते ही एक युवक हथियार छिपाकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

तलाशी के दौरान दुकान से छिपाकर रखा गया देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साथ ही एक शराब की बोतल भी मिली। ब्रेथ एनालाइजर जांच में तीनों के शराब सेवन की पुष्टि हुई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान डुमरांव के तिवारी टोला निवासी प्रकाश कुमार मिश्रा उर्फ भीम, उपाध्यापुर (औद्योगिक थाना, बक्सर) निवासी वशिष्ट जी तिवारी तथा राजगढ़ चौक, डुमरांव निवासी राहुल कुमार उर्फ दशरथ कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में वशिष्ट जी तिवारी ने बरामद हथियार अपना बताया।

इस मामले में डुमरांव थाना कांड संख्या 181/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra